दिल्ली में आम आदमी पार्टी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। दिल्ली पुलिस ने मुख्य सचिव अंशु प्रकाश के साथ मारपीट के मामले चार्जशीट दायर कर दी है। एडिशनल डीसीपी, हरिंदर सिंह ने कहा कि हमने आपराधिक षड्यंत्र के लिए चार्जशीट दायर की है। इस चार्जशीट में कई हैरान कर देने वाली बातें सामने आई हैं। अगर ये सभी आरोप कोर्ट में साबित हो जाते हैं तो केजरीवाल समेत आम आदमी पार्टी के कई नेताओं के लिए मुसीबत खड़ी हो सकती है। चार्जशीट में लिखा गया है कि अंशु प्रकाश को साजिश के तहत रात में बुलाया गया और विधायकों द्वारा उनकी पिटाई कराई गई। इसके अलावा अफसरों पर आप के विज्ञापन के लिए बजट क्लियर करने का दबाव बनाया गया। इसमें हैरान कर देने वाली बात ये है कि केस में केजरीवाल के 2 करीबी गवाह बन गए। केजरीवाल के पूर्व निजी सचिव बिभव कुमार और सलाहकार वीके जैन ने उनके खिलाफ गवाही दी। कुल 20-25 गवाहों से पुलिस ने पूछताछ की। एडिशनल डीसीपी, हरिंदर सिंह ने कहा, 'हमने केस में 6 महीने तक जांच की, जिसके आधार पर सबूत एकत्र किए गए। जब हमने पर्याप्त सबूत एकत्र कर लिए, उसके बाद ये चार्जशीट फाइल की गई।' ...