पठानकोट एयर बेस के बाद उड़ी में सैन्य मुख्यालय पर हुए आतंकी हमले से नाराज भारत पाकिस्तान को अलग थलग करने और उसे आतंकी देश घोषित करने के लिए विश्वव्यापी अभियान चलाएगा। इस मोर्चे पर पाकिस्तान को माकूल जवाब देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से बुलाई गई उच्च स्तरीय बैठक में अल्प और दीर्घकालिक रणनीति तैयार की गई। बैठक में तय किया गया कि हर आतंकी हमले के बाद डोजियर कूटनीति से परे अब आक्रामक कूटनीति के जरिए पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है। इस क्रम में संयुक्त राष्ट्र की आम सभा की बैठक में 26 सितंबर को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पाकिस्तान को आतंकी देश घोषित करने की मांग करेगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री की 9 और 10 नवंबर को इस्लामाबाद में होने वाले सार्क सम्मेलन में शिरकत करने की संभावना करीब-करीब खत्म हो गई है। बैठक में सर्जिकल ऑपरेशन के तहत पीओके स्थित आतंकी प्रशिक्षण शिविरों के खिलाफ सीधी कार्रवाई पर भी चर्चा हुई। बैठक में गृह मंत्री राजनाथ, वित्त मंत्री अरुण जेटली, रक्षा मंत्री मनोहर परिकर, एनएसए अजित डोभाल, सेना प्रमुख दलबीर सिंह, आईबी और रॉ के मुखिया सहित कई वरिष्ठ अधिकार...