दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) पर एक बार फिर शिरोमणि अकाली दल (बादल) का कब्जा हो गया है। कमेटी के 46 वार्डों के लिए हुए चुनावों के घोषित 37 नतीजों में से बादल गुट ने 30 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल की है। कमेटी के लिए 26 फरवरी को हुए चुनाव में शिरोमणि अकाली दल (दिल्ली) सरना गुट अभी तक केवल पांच सीटों पर विजय हासिल कर पाया है। चार निर्दलीय जीते हैं जबकि पंथक सेवा दल और सिख सद्भावना दल का खाता भी नहीं खुल सका है। कमेटी के वर्तमान अध्यक्ष मंजीत सिंह जीके ग्रेटर कैलाश से फिर से विजयी हुए हैं। पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कमेटी के चुनावों पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सिख समुदाय ने आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने कमेटी के चुनाव में अपने गुट की शानदार विजय पर कहा कि नतीजों ने यह साबित कर दिया है कि दिल्ली के सिख समुदाय ने पार्टी द्वारा राष्ट्रीय राजधानी और पंजाब में किये गये कार्यों को सराहा है। अकाली दल के अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली कमेटी के प्रमुख मंजीत सिंह जीके ने शानदार काम किया और उनके कार्यों का नतीजा दिल्ली के स...