दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने पाकिस्तानी खुफिया एजंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में बीजेपी आईटी सेल के एक सदस्य को पकड़े जाने पर प्रतिक्रिया दी है। केजरीवाल ने गुरुवार शाम को एक ट्वीट में पीएम मोदी को निशाना बनाते हुए कहा कि ‘मोदी जी ने ISI से पठानकोट की जांच कराई, नवाज़ शरीफ़ के जन्मदिन पर उनके घर गए और अब भाजपा के लोग ISI के लिए जासूसी करते पकड़े गए?’ मध्य प्रदेश की एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) ने 11 फरवरी को 11 संदिग्ध आईएसआई एजेंटों को गिरफ्तार किया था। ये लोग अवैध टेलीफोन एक्सचेंज चला रहे थे और उसी के जरिए आईएसआई को खुफिया सूचनाएं साझा करते थे। इन 11 लोगों में ध्रुव सक्सेना नाम का एक शख्स भी शामिल है जो बीजेपी आईटी सेल का पदाधिकारी भी रहा है। एटीएस ने पाकिस्तान से संचालित जासूसी और हवाला कारोबार से जुड़े सतना के बलराम सहित ग्वालियर से पांच, भोपाल से तीन और जबलपुर से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अरविंद केजरीवाल द्वारा इस पूरे मामले में पीएम मोदी को निशाना बनाए जाने पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। सोशल मीडिया पर एक्टिव एक म...