मीडिया के ज़रिये आपके साथ एक खेल खेला जा रहा है। किसी व्यक्ति की राजनीतिक महत्वकांक्षा के लिए बहुत सारे लोग राष्ट्रवाद की गौ रक्षा में लगा दिये गए हैं।गुजरात के दलितों ने गौ रक्षा का उपाय कर दिया तो अब गौ रक्षकों ने राष्ट्रवाद को गाय बता कर उत्पात मचाना शुरू कर दिया है। आम आवाम को यह बात देर से समझ आएगी लेकिन तब तक वह सियासी खेमों की बेड़ियों में इस कदर जकड़ दिया जाएगा कि निकलना मुश्किल हो जाएगा। शिकंजों के ज़ोर से उसके पाँव लहूलुहान होंगे मगर वो आज़ाद नहीं हो पाएगा। इस दौर में सांप्रदायिकता अलग अलग ब्रांड रुप में आ रही है। लव जिहाद,आबादी का ख़ौफ़,गौ माँस,धार्मिक झंडे को पाकिस्तानी बताना, पलायन, गौ रक्षा। ये सब उस ब्रांड के अलग अलग वर्जन हैं। जैसे टूथपेस्ट के अलग अलग ब्रांड हो सकते हैं। पातंजलि, कोलगेट, मिस्वाक, पेप्सोडेंट।टूथपेस्ट है सांप्रदायिकता। इसे बनाने वाला कोई कारपोरेशन भी होगा। उस कारपोरेशन का नाम है राष्ट्रवाद। यह अलग अलग नाम से उसी एक टूथपेस्ट को बेच रहा है। गौ रक्षा तो कभी राष्ट्रवाद। अब इसे बेचने के लिए उसे किराना स्टोर भी चाहिए और सुपर मॉल भी। जिसका न...