राजनीति के इतिहास में जब-जब कम्युनिस्ट आंदोलन की बात होगी, तब-तब एलमकुलम मनक्कल सनकरन (ईएमएस) नंबूदरीपाद याद किए जाएंगे. ईएमएस ने अपना जीवन कम्युनिस्ट आंदोलन को मजबूत करने में गुजार दिया. उन्होंने लगभग 70 साल देश और समाज की सेवा में बिताए. वे न सिर्फ कम्युनिस्ट पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक थे, बल्कि उनके कारण ही कम्युनिस्ट पार्टी सियासत से सरकार तक पहुंच सकी. 1957 में ईएमएस नंबूदरीपाद के नेतृत्व में बनी केरल की कम्युनिस्ट सरकार आजाद भारत में किसी राज्य की पहली गैर कांग्रेसी सरकार थी और पहली बार लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार के वे पहले मुख्यमंत्री थे. भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में भी उनका अहम योगदान रहा है. ईएमएस नंबूदरीपाद का जन्म 13 जून 1909 को केरल के मलप्पुरम जिले के एलमकुलम पैरिनथलमन्नातुलक में उच्च जाति के नंबूदरी ब्राह्मण परिवार में हुआ था. ये जब छोटे थे तभी इनके पिता परमेश्वरन नंबूदरीपाद का निधन हो गया. इनका पालन-पोषण इनकी माता ने किया. नंबूदरीपाद की प्रारंभिक शिक्षा पलघाट और त्रिचुर में हुई. इन्होंने कई वर्षों तक संस्कृत का अध्ययन किया. इनकी मा...