समाजवादी पार्टी (सपा) मुखिया मुलायम सिंह यादव के इनकार के बाद बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू), पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रभाव रखने वाले राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) और दलित जनाधार वाले बीएस-फोर ने 21 नवंबर को गठबंधन करते हुए राज्य विधानसभा के आगामी चुनाव साथ लड़ने का एलान किया। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित सिंह ने जदयू के वरिष्ठ नेता शरद यादव, महासचिव के. सी. त्यागी तथा बीएसफोर के नेता बचान सिंह यादव के साथ संयुक्त प्रेसवार्ता में इसका एलान करते हुए कहा कि यह गठबंधन आगामी विधानसभा चुनाव में लगभग सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल इस गठबंधन का कोई नाम नहीं है लेकिन यह ईमानदार गठबंधन होगा। फिलहाल यह तीन पार्टियों का गठजोड़ है, मगर कई अन्य छोटे दलों से बातचीत की जा रही है। सभी घटक दलों के अगुवा इस गठबंधन के नेता होंगे। सिंह ने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि भाजपा के खिलाफ सभी लोहियावादियों और चरणसिंहवादियों को एकजुट करने की कोशिश के तहत बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान महागठबंधन के बाकी सभी दल खुद को सपा में विलीन करने को त...