दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग के अचानक इस्तीफे से कई सवाल पैदा हो गए हैं । दिल्ली में आप सरकार बनने के बाद उपराज्यपाल नजीब जंग और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के बीच छिड़ी जंग में भी पिछले दो महीने से युद्ध विराम जैसी स्थिति थी । माना जा रहा था कि दोनो के बीच पैदा हुआ तनाव कम हो गया है और अब सब कुछ सामान्य सा है । दिसम्बर 22 को अचानक नजीब जंग इस्तीफा देकर सबको एक बड़ा सरप्राइज दिया। नजीब जंग के इस्तीफे पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की जो त्वरित टिप्पणी आयी उससे लगता है कि उन्हें भी इस्तीफा देने की पहले से कोई भनक तक नही थी । हालाँकि दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन ने जंग के इस्तीफे को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और बीजेपी के बीच हुई डील करार दिया लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नजीब जंग के इस्तीफे के बारे में बुधवार(दिसम्बर 21) देर शाम फैसला लिया गया । सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश चुनावो से पहले अगस्ता मामले की तरह दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की भी एक फ़ाइल विवाद का कारण बनी।...