गुजरात और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की हार के बाद एक बार फिर से राहुल गांधी के नेतृत्व पर सवाल उठने लगे हैं। कांग्रेस और राहुल के खिलाफ मोर्चा खोले शहजाद पूनावाला ने पार्टी के नए अध्यक्ष पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि राहुल को विक्ट्री का ‘वी’ भी नहीं पता है। साथ ही गुजरात में कांग्रेस के प्रदर्शन को ‘नैतिक जीत’ बताने के तर्क को भी बेतुका करार दिया है। हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में हिमाचल के मुकाबले गुजरात में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर रहा है। भाजपा को दो दशक से भी ज्यादा समय के बाद सौ से कम सीटें आई हैं। पार्टी नेता और राजनीतिक विश्लेषक गुजरात में कांग्रेस के प्रदर्शन को नैतिक जीत बता रहे हैं। एक टीवी चैनल से बात करते हुए शहजाद पूनावाला ने कहा कि राहुल गांधी को हारने की आदत हो गई है, इसलिए हार को जीत बताया जा रहा है। पूनावाला ने कहा, ‘राहुल गांधी काे एक डिक्शनरी खोलकर उसके ‘वी’ सेक्शन में जाकर विक्ट्री शब्द तलाशना चाहिए। इसका मतलब दुश्मनों या प्रतिद्वंद्वियों को हराना होता है। जब आप हारते हैं तो वह जीत नहीं होती है। लेकिन, राहुल हारने के इतने अभ्यस्त हो चुके हैं क...