ज्वेल थीफ का 'रुला के गया सपना मेरा' को शैलेंद्र का आखिरी गीत है। वही शैलेंद्र, जिन्होंने 'आवारा हूं', 'मेरा जूता है जापानी', 'सजन रे झूठ मत बोलो' और 'किसी की मुस्कुराहटों पे हो निसार' जैसे न जाने कितने यादगार गीत लिखे थे। लेकिन इस गाने को सुनकर ऐसा लगता है, जैसे उन्होंने अपनी जिंदगी का दर्द ही कागज पर उतार दिया हो। क्योंकि उस वक्त तक उनका एक बहुत बड़ा सपना टूट चुका था। उस सपने का नाम था... 'तीसरी कसम'। शैलेंद्र हिंदी सिनेमा के सबसे कामयाब गीतकारों में शामिल थे। उनकी एक दिली ख्वाहिश थी। अपनी खुद की फिल्म बनाना। इसी दौरान उन्होंने फणीश्वरनाथ रेणु की कहानी 'मारे गए गुलफाम' पढ़ी। कहानी एक सीधे-सादे बैलगाड़ीवान हीरामन और नौटंकी में काम करने वाली हीराबाई की थी। दोनों एक सफर में मिलते हैं। धीरे-धीरे उनके बीच ऐसा रिश्ता बनता है, जिसे प्यार कह सकते हैं। मगर इस रिश्ते की मंजिल क्या होगी, शायद दोनों को ही नहीं पता। शैलेंद्र ने तय कर लिया कि वो इसी पर फिल्म बनाएंगे। रेणुजी से बात हुई। और उन्होंने न सिर्फ कहानी के राइट्स दे दिए, बल्कि संवाद औ...