आर.बी.एल.निगम, वरिष्ठ पत्रकार
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी को लेकर एक भविष्यवाणी की हैै। आम आदमी पार्टी के संयोजक ने दावा किया कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को बड़ा झटका लगने वाला है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के कामकाज में दखलअंदाजी करने के कारण लोग भाजपा से नाराज हैं।
उन्होंने दावा किया है कि आगामी लोकसभा चुनाव में वो दिल्ली की सात में से चार सीटें जीतने जा रही है, जबकि बाकी तीन सीटों पर भाजपा संग उसका कड़ा मुकाबला है। पार्टी के मुताबिक उसने बूथवाइज सर्वे कराया है। सर्वे में लोगों से यह भी पूछा गया है कि आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चाओं को किस तरह लेते हैं? इसमें लोगों ने कहा कि वो गठबंधन के खिलाफ हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा 'आप' दिल्ली के हित में काम करती है
उन्होंने ट्वीट में लिखा है कि दिल्ली के लोगों को लगता है कि केवल आम आदमी पार्टी ही दिल्ली वालों के हक के लिए लड़ती है। वहीं भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के सांसद कभी भी दिल्ली के हित के बारे में नहीं सोचते हैं। उन्होंने दिल्ली के लोगों से अपील करी कि दिल्ली के हित को ध्यान में रखते हुए आम आदमी पार्टी को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि यदि दिल्ली की सभी 07 सीटों पर आम आदमी पार्टी के सांसद होते तो न ही दिल्ली में सीलिंग होती और न ही मेट्रो का किराया बढ़ने दिया जाता।
सर्वे के मुताबिक चुनाव में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पार्टी को लोकसभा चुनाव में करीब 46 फीसदी वोट मिलने की उम्मीद है। भाजपा को 36 फीसदी वोट मिलते दिख रहे हैं जबकि कांग्रेस को सिर्फ 9 फीसदी वोट पर ही सिमटती हुई दिखाई दे रही है। इसके साथ उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को लगता है कि अगर दिल्ली के सभी सातों सांसद आप के होते तो मेट्रो का किराया नहीं बढ़ता।
इस सन्दर्भ में अवलोकन करें:--
केजरीवाल इससे पहले भी कई बार मोदी सरकार पर हमला करते आए हैं। पिछले दिनों ही उन्होंने आरोप लगाया था कि जो लोग धर्म के आधार पर देश को बांटते हैं, वो देश के शुभचिंतक नहीं हैं। उन्होंने देश के विकास के लिए लोगों से एक-दूसरे के प्रति प्रेम और सम्मान की भावना रखने की अपील की थी।
गौरतलब है कि दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश से सीएम आवास पर मारपीट के मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई। इस पर आप नेताओं ने संयुक्त बयान जारी कहा था कि केंद्र सरकार, उसकी विभिन्न एजेंसियों, उप-राज्यपाल और कुछ नौकरशाहों की तरफ से तमाम अड़ंगों के बावजूद जनता के हित में काम कर रही दिल्ली सरकार को अपने अधिकारों का दुरुपयोग करके केंद्र की भाजपा सरकार डराने में कामयाब नहीं होगी।
दिल्ली सरकार की मुफ्त जल योजना के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर
दिल्ली हाई कोर्ट ने अगस्त 13 को उस जनहित याचिका पर आप सरकार का रुख पूछा जिसमें राष्ट्रीय राजधानी में हर घर को 20 हजार लीटर प्रति माह मुफ्त पानी मुहैया कराने की उसकी योजना का विरोध किया गया है. मुख्य न्यायाधीश राजेंद्र मेनन और न्यायमूर्ति सी हरिशंकर की पीठ ने दिल्ली सरकार, दिल्ली जल बोर्ड को नोटिस जारी करके उनसे सुनवाई की अगली तारीख 19 नवंबर तक जवाब देने को कहा.
याचिकाकर्ताओं ने अपनी याचिका में कहा कि जल तेजी से घटता संसाधन है और इसे इतनी बड़ी मात्रा में मुफ्त में नहीं दिया जाना चाहिए, खासकर ऐसे समय जब शहर के कई इलाकों में पानी की पाइपलाइनें नहीं हैं और आपूर्ति टैंकरों पर निर्भर है.
अधिवक्ताओं ताजिंदर सिंह और अनुराग चौहान ने दिल्ली सरकार के 25 फरवरी 2015 के उस फैसले को निरस्त करने की मांग की जिसमें शहर में हर घर को 20 हजार लीटर मुफ्त पानी देने का निर्णय किया गया था.
दिल्ली मुख्य सचिव हमला: केजरीवाल सहित 13 आप विधायक नामजद
वहीं दिल्ली पुलिस ने गत फरवरी में दिल्ली के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश पर कथित हमले के सिलसिले में अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया और इसमें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आरोपी के रूप में नामजद किया गया है. आरोप पत्र में जिन अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है उसमें आप के 11 विधायक अमानतुल्लाह खान, प्रकाश जारवाल, नितिन त्यागी, रितुराज गोविंद, संजीव झा, अजय दत्त, राजेश ऋषि, राजेश गुप्ता, मदन लाल, प्रवीण कुमार और दिनेश मोहनिया शामिल हैं.
अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट समर विशाल के समक्ष अंतिम रिपोर्ट दायर की गई जिन्होंने मामले पर सुनवाई की तारीख 25 अगस्त निर्धारित की. दिल्ली पुलिस ने प्रकाश पर कथित हमले के सिलसिले में 18 मई को केजरीवाल से तीन घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी.
प्रकाश ने आरोप लगाया था कि केजरीवाल के सरकारी आवास पर 19 फरवरी को एक बैठक के दौरान उन पर हमला किया गया. पुलिस ने कहा कि जिस समय कथित हमला हुआ उस समय मुख्यमंत्री उपस्थित थे. पुलिस ने बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के आवास पर मौजूद आप के 11 विधायकों से भी पूछताछ की थी. इस मामले के सिलसिले में पार्टी के दो विधायकों अमानतुल्ला खान और प्रकाश जारवाल को गिरफ्तार किया गया था.
भ्रष्टाचार में कोई कमी नहीं
लोगों में चर्चा है कि दिल्ली तीनों नगर निगमों में काफी समय से भाजपा का ही कब्जा है, क्या वहाँ भ्रष्टाचार कम हुआ? कोई नहीं पूछता, क्यों? कांग्रेस और आम आदमी के नेताओं की एक-एक बात और गतिविधियों पर भाजपा की नज़र रहती है, परन्तु नगर निगम में फैले व्याप्त भ्रष्टाचार पर कोई नहीं बोलता, क्यों? क्या नगर निगम भ्रष्टाचार मुक्त है? बिना रिश्वत दिए कोई काम होता हो, तो कोई बताए?सफाई अभियान पर इतना धन व्यर्थ किया जा रहा है, जबकि सफाई कर्मचारियों की कोई कमी नहीं। इसका मतलब है, सफाई कर्मचारियों में फर्जी नाम है। ![]() |
-----------------------
सुप्रीम कोर्ट का फैसला निष्प्रभावी: राष्ट्रपति कोविंद ने एससी-एसटी संशोधन कानून को दी मंजूरी
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज अगस्त 21 को एससी-एसटी संशोधन कानून 2018 को मंजूरी दो दी है। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट का फैसला अब निष्प्रभावी हो गया है। अब फिर दलितों को सताने के मामले में तत्काल गिरफ्तारी होगी और अग्रिम जमानत भी नहीं मिल पाएगी।
सुप्रीम कोर्ट ने बीते 20 मार्च को फैसला सुनाया था कि एससी-एसटी अत्याचार निरोधक कानून में शिकायत मिलने के बाद तुरंत मामला दर्ज नहीं होगा। डीएसपी स्तर के अधिकारी मामले की पहले जांच करेंगे। अगर जांच में व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तब उसकी गिरफ्तारी होगी। बता दें कि इस संशोधन कानून में धारा-18 ए जोड़ी गई है, जो कहती है कि इस कानून का उल्लंघन करने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने से पहले जांच की आवश्यकता नहीं है और न ही जांच अधिकारी को आरोपी की गिरफ्तारी करने से पहले किसी से इजाजत लेने की जरूरत है।
--------------------------------------------
फिर अनुसूचित जातियों को प्रभावित करने के लिए सरकार क्या खेल नहीं खेल रही, क्या अन्तर रहा भाजपा और अन्य पार्टियों में? जब संविधान सबको बराबरी का अधिकार देता है, फिर आरक्षण का प्रलोभन देने का क्या औचित्य है? क्या इसी तरह होता है,"सबका साथ, सबका विकास।" दूसरों पर ऊँगली उठाने से पूर्व भाजपा को कथनी और करनी में अन्तर स्पष्ट करना होगा। या फिर अंग्रेजी कहावत "Old wine new bottle" चरितार्थ हो रही है। भाजपा पदाधिकारी वास्तव में योगी-मोदी-अमित के कन्धों पर बैठ, उत्सवों में जाकर व्हाट्सअप पर फोटो डाल अपना उल्लू सीधा कर रहे हैं, जन समस्याओं से मतलब नहीं। और आम आदमी पार्टी उसी का लाभ उठा रही है। मिलेगा भी लाभ। जब जनता की ऐसी भावना होगी, भाजपा को नुकसान होना स्वाभाविक है।

Comments