2005 में जब ये बांग्लादेशी घुसपैठिए कम्युनिस्ट पार्टी को वोट देते थे, तो उस समय ममता जी ने उनका विरोध किया था -- अमित शाह
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार (11 अगस्त) को कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 'वोट बैंक की राजनीति' के कारण असम में राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) का विरोध किया है. शाह ने ममता बनर्जी से पूछा, 'आप बांग्लादेशी घुसपैठियों को क्यों रखना चाहती हैं?'उन्होंने राज्य के लोगों से तृणमूल कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया. शाह ने कहा कि तृणमूल सरकार ने बांग्लादेश से घुसपैठ के साथ-साथ भ्रष्टाचार को संरक्षण दिया है. इस बयानबाजी पर तृणमूल कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है.
एनआरसी का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा, 'ममता दीदी, एनआरसी आपके रोकने से नहीं रुकेगी। एनआरसी घुसपैठियों को भगाने के लिए है और असम में इसे कानूनी तरीके से लागू करवाया जाएगा। 2005 में जब ये बांग्लादेशी घुसपैठिए कम्युनिस्ट पार्टी को वोट देते थे, तो उस समय ममता जी ने उनका विरोध किया था और आज वही लोग तृणमूल कांग्रेस का वोट बैंक हैं।'
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी पश्चिम बंगाल से ही थे तो ऐसे में भाजपा बंगाल विरोधी कैसे हो सकते हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक बार भाजपा की सरकार बनवाइए, डंके की चोट पर दुर्गा मूर्ति का विसर्जन होगा।
टीएमसी को आड़े हाथों लेते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा बंगाल विरोधी नहीं बल्कि ममता विरोधी है। रैली में उपस्थित जनसमूह को देखकर अमित शाह ने कहा, 'आज की रैली इस बात को दिखाने वाली है कि बंगाल के अंदर बदलाव होने जा रहा है। आज बंगाल के सारे चैनलों को डाउन कर दिया गया है। ममता जी कान खोलकर सुन लो हमारी आवाज दबेगी नहीं।'
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि ऐसी प्रचंड ताकत को खड़ा करना होगा जिससे ममता जी भी एनआरसी का समर्थन करने को मजबूर हो जाएं। उन्होंने कहा कि आज बंगाल में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ रही हैं और बम धमाकों की आवाज सुनाई पड़ रही है। उन्होंने कहा, 'ममता दीदी, हत्या करने वाले कभी बचते नहीं है और जब पब्लिक जागती है तो हत्यारों को गद्दी छोड़नी पड़ती है।'
Amit Shah's meeting was a flop show, he has insulted Bengal today. He doesn't understand the culture of Bengal and even insulted it with his blatant lies. If he doesn't apologise within next 72 hours we will take legal action against him: Derek O'Brien, TMC
पार्टी नेता डेरेक ओ ब्रायन ने कहा है कि बीजेपी अध्यक्ष की मीटिंग एक फ्लॉप शो था. उन्होंने बंगाल का अपमान किया है. वह बंगाल की संस्कृति से वाकिफ नहीं हैं. उन्होंने बयानबाजी करके हमारे नागरिकों का अपमान किया है. अगर वह 72 घंटे में माफी नहीं मांगेगे तो हम उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे. शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख बनर्जी से बांग्लादेश से घुसपैठ और एनआरसी पर अपने रूख को स्पष्ट करने के लिए भी कहा.
टीएमसी सरकार को उखाड़ फेंके जनता : शाह
दिन में एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने अपने भाषण की शुरुआत बंगाल से टीएमसी सरकार को उखाड़ फेंकने के नारे के साथ की. उन्होंने कहा कि इसके लिए वह राज्य के सभी जिलों का दौरा करेंगे. उन्होंने कहा कि वह (बनर्जी) 'वोट-बैंक की राजनीति' के कारण एनआरसी के खिलाफ है. उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेशी घुसपैठिये पूर्व की वामपंथी सरकार का वोट बैंक थे और अब वे टीएमसी का एक वोट बैंक बन गए हैं. शाह ने कहा, 'राहुल गांधी और ममता दीदी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उनके लिए राष्ट्रीय सुरक्षा महत्वपूर्ण है या वोट बैंक. भाजपा के लिए देश पहले आता है.'
इससे पहले पश्चिम बंगाल युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को अमित शाह को कोलकाता हवाईअड्डे से बाहर आने के बाद काले झंडे दिखाए. वह यहां एक रैली को संबोधित करने आए थे. मोटर साbकिल सवार युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक समूह ने शाह के काफिले को नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे से बाहर निकलते ही काले झंडे दिखाए और उनके व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध नारे लगाए. पुलिस ने बाद में उन्हें वहां से हटाया.
Comments