तबादले से नाराज होकर इस्तीफा देने वाली पश्चिम मेदिनीपुर की पूर्व एसपी आइपीएस भारती घोष के कोलकाता स्थित एक और आवास पर सीआइडी ने छापेमारी की है। फरवरी 4 को सीआइडी की एक टीम ने कोलकाता के पास मुकुंदपुर स्थित भारती के फ्लैट में तलाशी अभियान चलाया। बताया गया है कि यहां से भी कुछ दस्तावेज सीआइडी के हाथ लगे है। इन्हें जब्त कर भवानी भवन स्थित सीआइडी मुख्यालय में लाया गया है। मालूम हो कि भाजपा में शामिल होने वाले मुकुल राय से भारती घोष के अच्छे संबंध होने के कारण उनका तबादला राज्य सरकार ने कम महत्वपूर्ण जगह कर दिया था। भारती घोष के 12 ठिकानों पर की गई है छापेमारी
इसके पहले दो फरवरी को भी सीआइडी ने भारती के नाकतला स्थित आवास समेत दक्षिण 24 परगना और पश्चिम मेदिनीपुर में भारती के करीबी पुलिस अधिकारियों के उन सभी 12 ठिकानों पर सीआइडी ने छापेमारी की थी, जहां-जहां वह रही थीं या कुछ समय के लिए ठहरी थी। इस दौरान 60 लाख रुपये, दो किलो सोना, 20 से अधिक संपतियों के दस्तावेज समेत मोबाइल, लैपटॉप आदि बरामद किए हैं। इसके साथ ही आम लोगों से कथित तौर पर वसूली के आरोप में पश्चिम मेदिनीपुर के बेलदा थाना प्रभारी प्रदीप रथ को क्लोज करने के बाद गिरफ्तार कर लिया। इतनी भारी मात्र में नगदी मिलने के बाद माना जा रहा है कि भारती की मुश्किलें बढ़ने वाली है।
सीआईडी का दावा, कानून के दायरे में हो रही है कार्रवाई
बताया गया है कि चंदन माझी नाम के एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पिछले साल के अंतिम माह में कुछ पुलिस वालों ने उनसे जबरदस्ती रुपये छीने थे। इसी मामले में कोर्ट का आदेश मिलने के बाद गुरुवार रात से ही सीआइडी की अलग-अलग टीम ने कोलकाता समेत जिलों तलाशी अभियान शुरू की थी। बहरहाल सूत्रों के हवाले से पता चला है कि सीआइडी ने पश्चिम मेदिनीपुर जिले में कुछ अन्य पुलिस अधिकारियों के आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया है। हालांकि छापेमारी के बाद भारती ने आरोप लगाया था कि कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया है, लेकिन शनिवार को सीआइडी के डीआइजी निशांत परवेज ने साफ किया था कि सारी कार्रवाई कानूनी दायरे में की गई है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
वकील का दावा, गैरकानूनी तरीके से हो रही है छापेमारी
आइपीएस भारती घोष के कोलकाता स्थित आवास पर छापेमारी को लेकर उनके वकील पिनाकी भट्टाचार्य ने दावा किया है कि सीआइडी गैरकानूनी तरीके से छापेमारी कर रही है। फरवरी 4 को मुकुंदपुर स्थित आवास पर छापेमारी को लेकर पिनाकी ने दावा किया कि सीआइडी छापेमारी से संबंधित कोई भी दस्तावेज नहीं दे रही है, ना ही भारती को इस बारे में कोई जानकारी दी जा रही है। उनके घरों के बाहर पुलिस का पहरा बैठा दिया गया है और रात के अंधेरे में भी सीआइडी की टीम जाकर तलाशी कर रही है। इसके लिए सीआइडी ने पता नहीं कहां से चाबी भी बनवा लिया है। पूरे भारतवर्ष में इस तरह का उदाहरण कहीं नहीं मिलेगा जहां नियमों को ताक पर रखकर सीआइडी की टीम एक खास मकसद से काम कर रही हो। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस पर कानूनी कदम उठाया जाएगा।
Comments