हालांकि लालू प्रसाद यादव के अलावे बेनामी संपत्ति के आरोप में बेटी और राजद की राज्यसभा सांसद मीसा भारती की भी मुश्किल बढती हुई नजर आ रही है. 8 हजार करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मीसा भारती पर ईडी ने एक और चार्जशीट दाखिल किया है. गौरतलब है कि इससे पूर्व 6 दिसंबर को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 8,000 करोड़ रुपये के धनशोधन मामले में मीसा भारती के पति शैलेश कुमार से पूछताछ की थी. ईडी ने 23 दिसंबर को अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया था जिसमें मीसा के अलावा उनके पति शैलेश कुमार और अन्य को आरोपी बनाया था. ईडी के आरोप-पत्र के अनुसार, “जांच के दौरान यह पता चला कि 2007-2009 के दौरान मिशैल पैकर्स और प्रिंटर के 1,20,000 शेयरों को शिलिनी होल्डिंग्स लिमिटेड, एड-फिन कैपिटल सर्विसिस (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, मनी माला, दिल्ली प्रॉपर्टी प्राइवेट लिमिटेड और डायमंड विनीम प्राइवेट लिमिटेड जैसी चार फर्जी कंपनियों द्वारा 100 रुपये प्रति शेयर पर खरीदा गया.”
आरोपपत्र के मुताबिक़, “भारती द्वारा शेयर लिए जाने तक मिशैल पैकर्स और प्रिंटर, 25, तुगलक रोड, नई दिल्ली में पंजीकृत था. वर्ष 2009-10 के दौरान पता बदलकर फार्म नंबर 26 पालम फार्म, वीपीओ बिजवासन, नई दिल्ली कर दिया गया. संबंधित अवधि के दौरान भारती और उनके पति कंपनी के निदेशक थे.” विदित हो कि मीसा भारती के सीए राजेश अग्रवाल को मनी लांड्रिंग केस में गिरफ्तार किया था. सीए पर आरोप लगा है कि वह मीसा भारती के काले धन को सफेद बनाता था. इस मामले में एसके जैन और वीके जैन नाम के दो भाइयों दोनों को पहले ही 20 मार्च को गिरफ्तार किया जा चुका है. विदित हो कि इस मामले में 90 फर्जी कंपनी ईडी की जांच के दायरे में हैं.
Comments