
आर.बी.एल.निगम, फिल्म समीक्षक
एक्टर हरीश कुमार बॉलीवुड के उम्दा अभिनेताओं में से रहे हैं। एक दौर था जब उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाती थीं। लेकिन इस 43 वर्षीय एक्टर ने स्लिवर स्क्रीन को क्या छोड़ा फैंस भी उन्हें भूल गए। गोविंदा, करिश्मा कपूर, अनिल कपूर , नाना पाटेकर और राज कुमार जैसे दमदार एक्टर्स के साथ काम करने वाला यह कलाकार अब गुमनामी के समुद्र में डूब चुका है। फिलहाल वह कहां हैं और क्या कर रहे हैं इसकी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं है।
हरीश ने अपने फिल्मी करियर में करीब 280 फिल्में की। इनमें हिंदी, तेलुगू, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषी फिल्में शामिल हैं।
हरीश ने बाल कलाकार के रूप में फिल्मी करियर की शुरूआत की। तेलुगू फिल्म ‘आंध्र केसरी’ के लिए साल 1983 में मुख्यमंत्री एन.टी. रामा राव के हाथों उन्हें बेस्ट चाइल्ड एक्टर के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।
करिश्मा के साथ किया बॉलीवुड में डेब्यू बॉलीवुड में हरीश ने साल 1991 में आई फिल्म ‘प्रेम कैदी’ से डेब्यू किया, जो एक तेलुगू फिल्मा का हिंदी रीमेक थी। इसमें उनके अपोजिट अभिनेत्री करिश्मा कपूर थीं। इसके बाद हरीश कई हिंदी फिल्मों में नजर आए।

गोविंदा के साथ बनी जोड़ी
दर्शकों ने हरीश और गोविंदा की जोड़ी को खूब पसंद किया। यह जोड़ी ‘आंटी नंबर-1’ से लेकर ‘कूली नंबर-1’ और ‘हीरो नंबर-1’ आदि फिल्मों में नजर आई। बता दें,
हरीश को मात्र 15 साल की उम्र में हीरो के रोल मिलने शुरू हो गए थे।
कभी चॉकलेटी हीरो के तौर पर दिलों पर राज करने वाले हरीश 2001 में आई ‘इंतकाम’ के बाद पर्दे से लगभग गायब हो गए। गोविंदा स्टारर फिल्म ‘नॉटी एट 40’ (2011) से उन्होंने वापसी की कोशिश की, लेकिन फिल्म फ्लॉप रही। आखिरी बार वह 2012 की सुपरफ्लॉप फिल्म ‘चार दिन की चांदनी’ में दिखाई दिए थे।
उनके इंडस्ट्री से दूर होने के पीछे कई किस्से हैं। उन्हीं में से एक है उनके बढ़ते वजन वाला किस्सा। कहा जाता है कि हरीश अपने बढ़ते वजन को कंट्रोल नहीं कर सके, जिसकी वजह से उनका लुक काफी बदल गया। यही वजह रही कि उन्हें काम मिलना बंद हो गया। हालांकि, सच्चाई तो हरीश ही बयां कर सकते हैं।

Comments