| स्वरा भास्कर |
गौरक्षा और कथित गौरक्षकों द्वारा गाय के नाम पर की जा रही हिंसा को लेकर बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने गाय की रक्षा के नाम पर बेगुनाहों की जान लेने वालों के खिलाफ निशाना साधा है।
स्वरा भास्कर ने ट्वीट कर लिखा, ‘हे अंध भक्तों! अपने धर्म के बारे में कुछ सीख भी लो!! गौ माता के नाम पर अगले बेगुनाह की जान लेने से पहले।” स्वरा के ट्वीट पर जवाब देते हुए आर्यन सिंह नाम के एक यूजर ने लिखा- “हमारा धर्म हमें जिहादी नहीं बनाता, ना यह सिखाता कि जिस का दूध पियों उसी का गला काट दो, गौ माता का गला काटने का मतलब है हिंदुत्व का गला काटना।” यूजर के इस ट्वीट को लेकर स्वरा ने जवाब दिया। उन्होंने अपने अगले ट्वीट में लिखा- “जी हां! आपका वाला हिन्दू धर्म सिखाता है कि इंसानों का गला काटो, झूठ बोलो & गौ माता का चमड़ा export करो।”
गौरक्षा को लेकर लंबे समय से बहस जारी है। कथित गौरक्षकों द्वारा मारपीट और पीट-पीटकर जान लेने के कई मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में राजस्थान के अलवर में गौ तस्करी के आरोप में पहलू खान नाम के शख्स के साथ मारपीट की थी। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई थी।
| दीया मिर्जा |
ईएमयू ट्रेन में बीफ की अफवाह के बीच हुए कत्लेआम को लेकर अब बॉलीवुड अभिनेता और अभिनेत्रियों का भी गुस्सा फूटने लगा है। अभिनेत्री दीया मिर्जा ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा की जिस समय में हम इसरो के जरिए नई-नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं, वहीं पर देश में राजनीति द्वारा लोगों को बांटने का काम किया जा रहा है। इसके बाद अभिनेता अर्जुन रामपाल ने ट्विटर पर एक लिंक पोस्ट किया जिसमें बताया गया है कि महाराष्ट्र में भी बीफ की अफवाह के चलते भीड़ ने दो मुस्लिम युवकों पर हमला कर दिया था। अर्जुन ने अपने ट्वीट में लिखा यह बहुत ही गलत है। ऐसी घटनाओं के जरिए हमारे बीच केवल घृणा पैदा हो रही है। हमें इसे रोकना चाहिए। वहीं अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने ट्वीट कर लिखा हर रोज ऐसी घटनाएं होती रहती हैं, जिन्हें देखकर शर्मिंदगी और हैरानी महसूस होती है, लेकिन हम तो सहनशील भारत में रहते हैं इसलिए चुप ही रहना पड़ेगा और कोई जरुरत नहीं है किसी को प्रदर्शन करने की।
आपको बता दें कि ट्रेन में बैग में बीफ रखने के शक में कथित तौर पर आक्रोशित भीड़ द्वारा गुरुवार रात (22 जून, 2017) एक युवक की हत्या कर दी गई जबकि कई लोगों को गंभीर चोटें आईं। वहीं भीड़ द्वारा नाबालिग युवक की हत्या मामले में अब नया मोड़ आ गया है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के हवाले से पीड़ित परिवार ने बताया, ‘परिवार के पांच सदस्य दिल्ली से ईद की खरीदारी कर अपने घर ईद मनाने के लिए जा रहे थे। इस दौरान ट्रेन में सीट विवाद को लेकर झगड़ा हुआ जो बाद में सांप्रदायिक हिंसा में बदल गया।’ रिपोर्ट के अनुसार मृतक शख्स की पहचान हाफिज जुनैद की रूप में की गई है। दूसरी तरफ हत्या से जुड़ मामले में शुक्रवार को पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने जुर्म को कबूल कर लिया है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी ने 24 जून, 2017 को मीडिया से कहा कि इस हिंसा में मुस्लिम युवक के मारे जाने पर उसे गहरा दुख है क्योंकि उस रात वो शराब के नशे में था। दूसरी तरफ हरियाणा के डीजीपी बीएस संधू ने हिंसा में बीफ विवाद को मुख्य वजह होने पर नकारा है। उन्होंने आगे कहा कि ये साफ तौर पर दो ग्रुप में हुई लड़ाई थी जो बाद में गंभीर हिंसा में बदल गई और इसमें एक शख्स की जान चली गई। हम घटना के मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुके हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है, अन्य आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




Comments