योगी ने कहा कि मैं सबका अभिवादन करता हूं। यूपी जैसे बड़े राज्य को चलाना आसान नहीं है। मुझे सबके सहयोग की जरूरत होगी, तभी यूपी को उत्तम प्रदेश बनाया जा सकता है।
जानकर हैरानी होगी कि योगी ने महीनेभर पहले रायपुर की धरती से ही अयोध्या में मंदिर निर्माण को लेकर बड़ा ऐलान किया था। यूपी चुनाव की गहमागहमी के बीच रायपुर में भव्य राम मंदिर की प्राणप्रतिष्ठा में शामिल होने पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि जब भगवान राम के ननिहाल में राम मंदिर का निर्माण हो गया, तो ज्योतिषियों के अनुसार उनकी जन्मस्थली पर भी जल्द मंदिर बनेगा।
रायपुर में उन्होंने कहा था, अयोध्या में भव्य राममंदिर के निर्माण का कार्य जल्द शुरू होगा। यहां मीडिया से चर्चा के दौरान योगी ने घोषणा की थी कि छत्तीसगढ़ दक्षिण कोशल के रूप में भगवान राम का ननिहाल है। ज्योतिषीय मान्यता है कि जब भगवान राम ननिहाल में विराजमान हो जाएंगे, तब अयोध्या में भगवान राम के मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा।
उन्होंने कहा था कि अयोध्या में रामजन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की बाधाएं धीरे-धीरे दूर होती दिखाई देंगी और जल्द ही मंदिर का निर्माण हो जाएगा। उन्होंने रायपुर में राम मंदिर निर्माण की प्रशंसा करते हुए कहा था कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
छत्तीसगढ़ ने उनसे प्रेरणा लेकर भव्य मंदिर का निर्माण किया है। योगी आदित्यनाथ से जुड़े संगठन विश्व हिंदू महासंघ, हिंदू युवा वाहिनी, धर्मजागरण सेना छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में काम कर रही है। यहां से उनका गहरा नाता रहा है। पिछली बार वे महीनेभर पहले 3 मार्च 2017 को रायपुर पहुंचे थे। उसके पहले 19 फरवरी 2016 को कोरबा में भव्य कार्यक्रम में भी वे शामिल हुए थे।
ऐसी है मान्यता
छत्तीसगढ़ जिसे प्राचीन दक्षिण कोशल के रूप में जाना जाता है, उसका नामकरण भगवान राम की माता कौशल्या के नाम पर रखा गया था। चूंकि माता कौशल्या का जन्म आरंग के चंदखुरी में होने की मान्यता है।
इस वजह से छत्तीसगढ़ को भगवान राम का ननिहाल माना जाता है। इसी संदर्भ में योगी आदित्यनाथ ने छत्तीसगढ़ के बाद अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर निर्माण का ऐलान किया था।
रायपुर में चले पटाखे
योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के ऐलान के साथ ही रायपुर में आतिशबाजी के साथ उनके समर्थकों ने खुशी मनाई। यहां कई हिंदूवादी संगठनों के लोग योगी आदित्यनाथ से जुड़े हुए हैं।
विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश प्रभारी भरत योगी ने बताया, योगी आदित्यनाथ के सीएम बनने की खुशी में रायपुर के राजातालाब, पंडरी, तेलीबांधा समेत कई क्षेत्रों में पटाखे चलाकर और मिष्ठान्न वितरण कर खुशी मनाई जा रही है।
Comments