आज तक की स्टार एंकर अंजना ओम कश्यप ने समूचे पत्रकारिता जगत में हडक़म्प मचा दिया है। नैनो-चिप पत्रकार सुधीर चौधरी समेत तमाम मीडियाकर्मी समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर उन्हें ये वाला आइडिया क्यों नही आया?
अब अंजना ओम कश्यप ने एक और चौकाने वाला खुलासा किया है, कि राहुल गांधी शादीशुदा हैं। देश के लिए राहुल गांधी का शादीशुदा होना उतना ही हैरतअंगेज है जितना आडवाणी जी का प्रधानमंत्री बनना।
लेकिन अंजना ने ये खुलासा किया है तो जरूर कोई बात होगी। यही जानने के लिए जब हमारे संवाददाता ‘नेवला भगत’ ने अंजना से इस न्यूज़ का कारण पूछा तो उन्होंने ‘आउल गांधी’ के ट्वीटर अकाउंट पर किये गए ट्वीट “मुझे बहुत पहले लड़की मिल गई है” को दिखाते हुए बताया कि “ये देखो, राहुल गांधी ने खुद ट्वीट किया है”
“लेकिन ये तो पैरोडी हैंडल है?” इतना सुनते ही अंजना भड़क गई और अपने चिरपरिचित अंदाज में चिल्लाते हुए बोली कि “तुम्हें बड़ा पता है? मैं जो कहती हूँ वो सच होता है. राहुल गांधी का असली ट्वीटर हैंडल यही है. वेरिफाइड वाला तो दिग्विजय सिंह और संजय झा चलाते हैं” इतना कह कर वो शाम को इस पर डिबेट कराने के लिए तैयारी करने में जुट गईं!

Comments